राज्य स्तरीय युवा उत्सव में सहभागिता हेतु भोजपुर की टीम रवाना, डीएम ने दिखाई हरी झंडी

भोजपुर।
आज दिनांक 22 दिसंबर 2025 को जिला पदाधिकारी भोजपुर श्री तनय सुल्तानिया द्वारा मधुबनी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा उत्सव 2025–26 में सहभागिता के लिए भोजपुर जिले की टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
टीम को शुभकामनाएं देते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि भोजपुर जिला कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की समृद्ध विरासत के लिए जाना जाता है। राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भोजपुर की टीम द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम जिले की पहचान और युवाओं की प्रतिभा को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिले के प्रतिभागी राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भोजपुर का नाम रोशन करेंगे।
जिला पदाधिकारी ने यह भी कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी कला और रचनात्मकता को निखारने का अवसर मिलता है, साथ ही लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन को भी बढ़ावा मिलता है। यह सहभागिता भोजपुर जिले की कला, संस्कृति और सांस्कृतिक चेतना को व्यापक मंच प्रदान करेगी।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त भोजपुर, सहायक समाहर्ता भोजपुर तथा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने टीम के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्य स्तरीय युवा उत्सव में विभिन्न जिलों की टीमें लोकनृत्य, लोकगीत, नाट्य, संगीत एवं अन्य सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रस्तुति देंगी, जिसमें भोजपुर जिले की भागीदारी को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
