रात में वाहन जांच के दौरान बोलेरो से 552 बोतल विदेशी शराब जब्त, चालक फरार

रिपोर्ट – शयामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर, सनौखर।
सनौखर थाना क्षेत्र के तेलोंधा–बखरी मार्ग पर बुधवार की देर रात पुलिस ने नियमित वाहन जांच के दौरान बड़ी सफलता हासिल की। गश्ती के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो वाहन से 552 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। हालांकि मौका पाकर वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
कहलगांव एसडीपीओ वन कल्याण आनंद ने बताया कि रात्री गश्ती के लिए निकली सनौखर थाना पुलिस को एक सफेद बोलेरो संदिग्ध प्रतीत हुई। पुलिस ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक वाहन की गति तेज कर मौके से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और कुछ दूरी पर गाड़ी को जब्त करने में सफल रही।
जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें बड़े पैमाने पर विदेशी शराब की खेप छुपाकर रखी गई पाई गई। कुल 552 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई, जिसे पुलिस ने मौके पर ही सीज कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि शराब की यह खेप अवैध तरीके से क्षेत्र में सप्लाई किए जाने की आशंका है।
पुलिस अब फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है कि इस खेप को कहां से लाया जा रहा था और किसे सप्लाई किया जाना था।
स्थानीय पुलिस प्रशासन ने इसे शराबबंदी अभियान के तहत एक बड़ी उपलब्धि बताया है। मामले में सनौखर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
