रानीतालाब थाना का वार्षिक निरीक्षण, नगर पुलिस अधीक्षक ने कार्यप्रणाली की समीक्षा कर दिए निर्देश

पटना, संवाददाता।
आज दिनांक 22 जनवरी 2026 को नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना श्री भानूप्रताप सिंह द्वारा रानीतालाब थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की समग्र कार्यप्रणाली का गहन मूल्यांकन किया गया और विभिन्न अभिलेखों की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण के क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक ने थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस व्यवस्था, CCTNS प्रणाली, सिरिस्ता कार्यों तथा विभिन्न लंबित कांडों के अनुसंधान की समीक्षा की। उन्होंने अभिलेख संधारण की गुणवत्ता, कार्यालयीन व्यवस्था एवं थाने की प्रशासनिक कार्यशैली का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान करने, मामलों का समयसीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने, कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनसेवा, सतर्कता और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, जिसे प्रत्येक कर्मी को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
अपराध की रोकथाम एवं विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए रात्रि गश्ती तथा वाहन जांच को और अधिक प्रभावशाली बनाने पर विशेष बल दिया गया।
निरीक्षण के माध्यम से पुलिस प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि थानों की कार्यप्रणाली में सुधार और जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
