राष्ट्रीय खेल दिवस पर बच्चों ने खेले रोचक खेल, मेजर ध्यानचंद को दी श्रद्धांजलि

जगदीशपुर | राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा मध्य विद्यालय जगदीशपुर में शुक्रवार को विविध रोचक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया और खेलों का भरपूर आनंद उठाया।
मध्य विद्यालय जगदीशपुर में आयोजित विशेष चेतना सत्र में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को नमन किया गया। इस मौके पर बच्चों ने उन्हें समर्पित रंगोली बनाकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और एकाग्रता सिखाने का उत्तम माध्यम है। उन्होंने यह भी बताया कि खेल बच्चों को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने के साथ-साथ पढ़ाई को भी अधिक रोचक और समझने योग्य बनाते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान बोरा दौड़, नींबू दौड़, जलेबी दौड़, संगीतमय कुर्सी और संतुलन आधारित कई खेलों का आयोजन किया गया। बच्चों ने उल्लास के साथ हिस्सा लिया और पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वार्डेन सपना कुमारी, शिक्षक अभिनाश सरोज, प्रतिमा मिश्रा, भारती कुमारी, शाहिना खातून, शारिका निगार, फूल कुमारी, कर्मी राजकिशोर, वृंदा, रिंकू, सुशीला, खुशबू, यशोदा, सुलोचना, मीना तथा बाबू लाल सहित अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
