राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर बेगूसराय में संगोष्ठी, भ्रामक खबरों के बीच प्रेस की विश्वसनीयता पर मंथन

बेगूसराय।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस-2025 के अवसर पर रविवार को करगिल विजय सभा भवन, समाहरणालय परिसर में जिला सूचना एवं जन-संपर्क कार्यालय, बेगूसराय द्वारा एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सहायक समाहर्ता अजय यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी तथा सहायक निदेशक, दिव्यांग सशक्तिकरण कोषांग के साथ उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस वर्ष राष्ट्रीय प्रेस दिवस का विषय “बढ़ती भ्रामक खबरों के बीच प्रेस की विश्वसनीयता की सुरक्षा” निर्धारित किया गया था। संगोष्ठी में इस विषय पर विस्तृत चर्चा करते हुए वक्ताओं ने बताया कि फेक न्यूज और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ती भ्रमात्मक सामग्री पत्रकारिता के लिए गंभीर चुनौती बनकर उभर रही है। ऐसे समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है कि वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और सत्यापित खबरों के प्रसारण पर जोर दें।
कार्यक्रम में मीडिया की भूमिका, वर्तमान परिदृश्य में उत्पन्न चुनौतियों और इनसे निपटने के लिए आवश्यक कदमों पर विस्तार से विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रेस को चौथे स्तंभ के रूप में अपनी विश्वसनीयता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। सूचना की सत्यता, संवाद की पारदर्शिता और तथ्य-जांच की प्रक्रिया को मजबूत कर ही मीडिया अपनी विश्वसनीयता को सुरक्षित रख सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों व मीडिया बंधुओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और भ्रामक खबरों की पहचान तथा रोकथाम के लिए तकनीकी उपकरणों एवं जन-जागरूकता को बढ़ाने पर बल दिया। कार्यक्रम में जिले के कई पत्रकार, अधिकारी एवं जनसंपर्क कर्मी उपस्थित रहे।
