राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह पर जागरूकता की मिसाल,बिना हेलमेट वाहन चालकों को मिला सुरक्षा का संदेश

नियम पालन करने वालों का हुआ सम्मान
मनोज कुमार, कटिहार (बिहार)
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर मोंटेकार्लो लिमिटेड की ओर से कटिहार शहर में सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
अभियान के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले वाहन चालकों को रोककर उन्हें यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुफ्त हेलमेट भी वितरित किए गए, ताकि वे भविष्य में सुरक्षित रूप से वाहन चला सकें। वहीं दूसरी ओर, जो बाइक चालक पहले से ही हेलमेट पहनकर और यातायात नियमों का सही तरीके से पालन कर रहे थे, उन्हें गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया और नियमों का पालन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से आम जनता को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि हेलमेट पहनना और यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा हुआ गंभीर विषय है। वक्ताओं ने कहा कि जब कोई व्यक्ति सुरक्षित अपने घर लौटता है, तो पूरा परिवार खुश रहता है, लेकिन सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही कई परिवारों की खुशियां छीन सकती है।
इस अवसर पर बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं के अधिकांश मामले लापरवाही और नियमों की अनदेखी के कारण होते हैं। इसलिए सभी नागरिकों को यह शपथ लेनी चाहिए कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में सड़क परिवहन कार्यालय का भी पूर्ण सहयोग रहा। अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा सुरक्षित यात्रा का संकल्प दोहराया गया।
