रिक्शाडीह बस स्टैंड पर अवैध वसूली का आरोप,बस चालकों से प्रति ट्रिप रुपये वसूले जाने का दावा, डीडीसी से की गई शिकायत

रिपोर्ट – शयामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर।
शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा बस स्टैंड को एक स्थान से स्थानांतरित कर वायपास स्थित रिक्शाडीह बस स्टैंड में शिफ्ट किया गया था। प्रशासन ने यहां यात्रियों और बस संचालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया था, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है। सुविधाओं के अभाव के बीच अब बस स्टैंड पर अवैध वसूली का खेल सामने आया है।
बस मालिकों ने आरोप लगाया है कि रिक्शाडीह बस स्टैंड पर स्थानीय दबंगों और पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से बस चालकों से जबरन पैसे वसूले जा रहे हैं। बस ऑनरों के अनुसार, प्रत्येक बस से दिन में हर ट्रिप पर 150 रुपये और रात में 300 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है। राशि नहीं देने पर बस चालकों को धमकी तक दी जाती है, जिससे वे भय के माहौल में काम करने को मजबूर हैं।
इस गंभीर मामले को लेकर बस मालिकों ने शुक्रवार को भागलपुर के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी। बस ऑनरों ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि अवैध वसूली के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और बस संचालन प्रभावित हो रहा है।
बस मालिकों का कहना है कि डीडीसी ने पूरे मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं बस संचालकों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द हस्तक्षेप कर अवैध वसूली पर रोक लगाएगा और सुरक्षित व सुचारू बस संचालन का माहौल सुनिश्चित करेगा।
