रोहतास में बढ़ती ठंड के बीच प्रशासन सक्रिय, जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण

सासाराम।
रोहतास जिले में लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन निराश्रित, असहाय और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के लिए पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में बुधवार देर शाम अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम डॉ. नेहा कुमारी ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर वृद्धों, असहायों एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर जरूरतमंदों को कंबल उपलब्ध कराया और उनकी स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि ठंड से प्रभावित किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को राहत से वंचित न रखा जाए।
डॉ. नेहा कुमारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पहले से ही निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों को चिन्हित कर कंबल वितरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि अंचल स्तर पर भी कंबल वितरण किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण इलाकों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को भी समय पर सहायता मिल सके।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ठंड से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, चौक–चौराहों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं, जिससे राहगीरों और खुले में रहने वाले लोगों को राहत मिल सके।
अनुमंडल पदाधिकारी ने आम लोगों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास कोई निराश्रित या असहाय व्यक्ति ठंड से परेशान नजर आए, तो इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय पर सहायता पहुंचाई जा सके। जिला प्रशासन की इस पहल से जरूरतमंदों में राहत और संतोष का माहौल देखा गया।
