लंदन से लौटे, वर्ल्ड लीडर्स समिट में मिला “बेस्ट कम्युनिटी इम्पैक्ट अवार्ड”

भागलपुर : लंदन से लौटने पर समाजसेवी व शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार सिंह का रविवार को भागलपुर रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। जैसे ही वे स्टेशन पहुंचे, जीवन जागृति सोसाइटी के सदस्यों और समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच हुए इस स्वागत में स्थानीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया।

डॉ. सिंह हाल ही में लंदन में आयोजित 14वें वर्ल्ड लीडर्स समिट 2025 में शामिल हुए थे, जहां उन्हें “बेस्ट कम्युनिटी इम्पैक्ट अवार्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें ऑक्सफोर्ड (लंदन) के मेयर लुइयर ऑट्टन ने प्रदान किया। यह पुरस्कार समाज सेवा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देते हुए दिया गया।

भागलपुर लौटने पर जगह-जगह स्वागत समारोह आयोजित किए गए। नागरिकों ने कहा कि यह सम्मान केवल डॉ. सिंह का ही नहीं बल्कि पूरे भागलपुर और बिहार की प्रतिष्ठा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊँचाई देता है।

स्वागत समारोह में संबोधित करते हुए डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा— “यह सम्मान केवल मेरा नहीं बल्कि पूरे भागलपुर और बिहार का है। मुझे खुशी है कि हमारे समाज में किए जा रहे कार्यों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है। यह पुरस्कार हमारी टीम और उन सभी लोगों के लिए है, जो समाज सेवा के कार्यों में मेरा सहयोग करते हैं।”

इस अवसर पर जीवन जागृति सोसाइटी के डॉ. रणेंद्र कुमार ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि डॉ. अजय कुमार सिंह की यह उपलब्धि युवाओं को नई प्रेरणा देगी और समाज सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।

डॉ. अजय लंबे समय से समाज के वंचित तबकों के लिए कार्य कर रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके द्वारा चलाए गए अभियानों ने हजारों लोगों का जीवन बदलने का काम किया है। यही कारण है कि उन्हें न सिर्फ देश बल्कि विदेश में भी सम्मान और पहचान मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *