लखीसराय में राजस्व सेवा महाअभियान की तैयारी को लेकर हुई समीक्षा बैठक

अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
लखीसराय। जिले में प्रस्तावित राजस्व सेवा महाअभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से आज समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में अपर समाहर्ता श्री सुधांशु शेखर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अपर समाहर्ता ने अभियान के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी इस मुहिम को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए।
उन्होंने कहा कि राजस्व सेवा महाअभियान का मूल उद्देश्य जनता को समय पर और पारदर्शी ढंग से भूमि व राजस्व से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके अंतर्गत दाखिल-खारिज, नक़्शा, रसीद, सीमांकन जैसे मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
अपर समाहर्ता ने अधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम जनता को यह महसूस होना चाहिए कि प्रशासन उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशील एवं सजग है।
बैठक में अन्य अधिकारियों ने भी अपने सुझाव साझा किए और अभियान के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।
