वरीय पुलिस अधीक्षक ने बेनीपुर अनुमंडल का किया निरीक्षण, विधानसभा चुनाव और दुर्गा पूजा को लेकर समीक्षा

दरभंगा। आगामी विधानसभा चुनाव 2025 और दुर्गा पूजा को लेकर मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा ने बेनीपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समीक्षा बैठक कर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजामों और लंबित मामलों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था को बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने, कार्यालय के सभी अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और पर्यवेक्षण टिप्पणियों को दुरुस्त करने पर बल दिया। साथ ही, समन, वारंट और कुर्की जैसे कानूनी आदेशों का समय पर तामील कराने का निर्देश दिया।

एसएसपी ने आपराधिक गतिविधियों और शराब माफियाओं पर कड़ी निगरानी रखने तथा आम जनता से बेहतर संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने गश्ती अभियानों को नियमित और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।

चुनाव तैयारियों के मद्देनज़र एसएसपी ने अनुमंडल अंतर्गत सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराने, क्रिटिकल मतदान केंद्रों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने और लंबित चुनाव संबंधित कांडों का निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त CMPF फोर्स के अवसान स्थलों को भी चिह्नित करने का आदेश दिया गया।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों को एसएसपी ने दो टूक कहा कि “विधानसभा चुनाव और दुर्गा पूजा, दोनों ही अवसर संवेदनशील हैं। ऐसे में प्रत्येक स्तर पर पुलिस प्रशासन को सतर्क और चुस्त-दुरुस्त रहना होगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *