विकास आयुक्त ने अकोढ़ी गोला में विकास कार्यों का किया निरीक्षण, शिक्षा–स्वास्थ्य–पशुपालन पर दिया विशेष जोर


रोहतास।
आज दिनांक 20 दिसंबर 2025 को बिहार के विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, भा०प्र०से० ने जिला पदाधिकारी, रोहतास श्रीमती उदिता सिंह, भा०प्र०से० के साथ अकोढ़ी गोला प्रखंड अंतर्गत विभिन्न विभागों से संबंधित स्थलों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पशुपालन से जुड़े विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का आकलन करना तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।
निरीक्षण क्रम में विकास आयुक्त महोदय ने प्रेम नगर हाई स्कूल, अकोढ़ी गोला का दौरा किया। विद्यालय परिसर में उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन एवं स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण के महत्व से अवगत कराया। इस अवसर पर विकास आयुक्त ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर आईएएस बनने तक के सफर के अनुभव साझा किए, जिससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह, प्रेरणा एवं आत्मविश्वास देखने को मिला।
विकास आयुक्त महोदय ने विद्यालय के प्रधानाचार्य से शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों एवं विद्यालय के समग्र विकास से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा शैक्षणिक वातावरण को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण भी किया गया, जिससे बच्चों में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। इसके उपरांत उन्होंने प्रेम नगर हाई स्कूल हेतु भूमि दान करने वाले दाता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात विकास आयुक्त महोदय ने प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र, अकोढ़ी गोला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य उपकेंद्र में उपलब्ध दवाओं की स्थिति, साफ-सफाई, मरीजों को दी जा रही चिकित्सीय सुविधाओं तथा पल्स पोलियो अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं आम नागरिकों को समयबद्ध व बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए।
निरीक्षण क्रम में विकास आयुक्त द्वारा पशुपालन विभाग, अकोढ़ी गोला का भी भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं, पशुपालकों को दी जा रही सुविधाओं एवं लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा विकास आयुक्त महोदय ने प्रखंड कार्यालय, अकोढ़ी गोला का निरीक्षण करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी को प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, गति एवं जनहित को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
पूरे निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी, रोहतास, विभिन्न विभागों के वरीय एवं स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। विकास आयुक्त महोदय ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने का निर्देश दिया।

#BiharDevelopment
#VikasAayukt
#RohtasNews
#AkodhiGola
#Education
#Health
#AnimalHusbandry
#GoodGovernance

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *