विजय कुमार सिन्हा ने संभाला राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा खान एवं भूतत्व विभाग का पदभार

भूमि सुधार और भू-खनन क्षेत्र में पारदर्शिता व सुशासन को देंगे नई गति

पटना।
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भू-खनन एवं बालू माफिया पर सख्त कार्रवाई और भूमि सुधार की योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ काम करेगी।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय योजनाओं की समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता को जमीन से जुड़े कार्यों में तेज़, सरल और संवेदनशील सेवा मिले। उन्होंने कहा कि बिहार की प्रगति के लिए भूमि प्रबंधन, राजस्व प्रशासन और खनन व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाया जाएगा।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि बालू और अन्य खनिजों के अवैध खनन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, वहीं वैध खनन को सुव्यवस्थित कर राज्य के राजस्व को बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण तथा आम लोगों को समय पर सेवाएँ उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बिहार को भू-खनन और भूमि सुधार के क्षेत्र में माफिया मुक्त, पारदर्शी और विकसित राज्य बनाने की दिशा में विभाग निरंतर काम करेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *