विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न

जगदीशपुर (भागलपुर)
संकुल संसाधन केंद्र लोकनाथ हाईस्कूल जगदीशपुर के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालयों के विद्यालय शिक्षा समिति (VSS) के सदस्यों का तीन दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण मध्य विद्यालय जगदीशपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मध्य विद्यालय जगदीशपुर, मध्य विद्यालय अंगारी, मध्य विद्यालय कोलाखुर्द, मध्य विद्यालय योगीवीर, प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर अनुसूचित, प्राथमिक विद्यालय छोटी योगीवीर तथा प्राथमिक विद्यालय कुशवाहा टोला अंगारी के समिति सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम के समन्वयक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने कहा कि विद्यालय शिक्षा समिति विद्यालय, समुदाय और अभिभावकों के बीच सेतु का कार्य करती है। समिति विद्यालय के वातावरण को बेहतर बनाने, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने तथा उपलब्ध संसाधनों के सही उपयोग को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय में समिति सक्रिय रहती है, वहां शैक्षणिक वातावरण भी बेहतर होता है।
प्रशिक्षण सत्र में मो. मोनब्बर रहमान एवं आरजू हाशमी ने प्रशिक्षक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक वासुदेव, उपेंद्र दास, सुबोध कुमार शर्मा, प्रधान शिक्षक आदित्य सेन, रीना कुमारी, शशांक राज, सचिव प्रीति देवी, काजल देवी, रुबी देवी सहित सभी समिति सदस्य उपस्थित रहे।
प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे विद्यालय के विकास में उनकी भूमिका और अधिक प्रभावी होगी।
