विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात अपराधी शम्भू यादव हथियार के साथ गिरफ्तार

ऋषभ कुमार गुप्ता बाराहाट/ बांका

बाराहाट (बांका), 10 अक्टूबर। विधानसभा चुनाव-2025 से पहले बांका पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बाराहाट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में गुरुवार देर रात छापेमारी कर पुलिस ने कुख्यात अपराधी शम्भू यादव को एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई एसडीपीओ बौंसी इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में बाराहाट थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर महेश कुमार, पु.अ.नि. सूरज कुमार सिंह, पु.अ.नि. कौशल कुमार सहित रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

लंबा आपराधिक इतिहास: पुलिस के अनुसार, शम्भू यादव पर हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, बलात्कार, रंगदारी, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ नया केस दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

बाराहाट पुलिस अव्वल: आचार संहिता लागू होने के बाद से ही बाराहाट थाना पुलिस लगातार सक्रिय है। हाल ही में इसी गांव से एक अन्य अपराधी को भी हथियार सहित गिरफ्तार किया गया था। लगातार सफल अभियानों से बाराहाट थाना पुलिस को जिले में सबसे मुस्तैद और प्रभावी पुलिस टीम के रूप में सराहा जा रहा है।

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर महेश कुमार ने कहा कि चुनाव और त्यौहार को देखते हुए अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *