विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस की सख्त कार्रवाई — जगदीशपुर में 19 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

भागलपुर
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से भागलपुर पुलिस अपराध नियंत्रण के प्रति सख्त रुख अपनाए हुए है। वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चोरी, छिनतई और अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में जगदीशपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 19 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद सोनू, पिता स्वर्गीय आजाद मिस्त्री, निवासी दीन नगर, पुरैनी के रूप में की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी अक्सर पुरैनी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यात्रियों से मोबाइल छिनतई की घटनाओं में शामिल रहा है। कुछ दिन पहले मोबाइल छिनतई के दौरान एक युवक की मौत के मामले में भी इसका नाम सामने आया था, जिसके बाद से पुलिस इसकी तलाश में थी।
जगदीशपुर थाना अध्यक्ष अभय शंकर ने बताया कि विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में चोरी, छिनतई और नशा तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अभियुक्त पर जगदीशपुर और बाईपास थाना क्षेत्रों में करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी राहत मिली है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और इस रैकेट से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाना को दें, ताकि चुनावी माहौल शांतिपूर्ण और सुरक्षित बना रहे।
#BiharPolice
#BhagalpurPolice
#HainTaiyarHum
#Jagdishpur
