विधानसभा चुनाव 2025 : डीएम तुषार सिंगला ने ईवीएम कोषांग का किया निरीक्षण, कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

बेगूसराय | 13 अक्टूबर 2025
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। चुनावी प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से लगातार निगरानी और समीक्षा की जा रही है।
इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री तुषार सिंगला ने सोमवार को ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) कोषांग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोषांग में चल रहे कार्यों की बारीकी से समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएँ, ताकि नामांकन से लेकर मतदान तक की प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कर्मियों को ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षित रखरखाव, जांच और सीलिंग प्रक्रिया में पूर्ण सावधानी बरतने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान श्री सिंगला ने यह भी सुनिश्चित किया कि मशीनों के रख-रखाव और परिवहन से संबंधित सभी व्यवस्थाएँ निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा यह भी बताया गया कि चुनाव कार्यों में लगे कर्मियों के लिए प्रशिक्षण सत्र नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके।
