विशिष्ट शिक्षक नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया

भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ0 नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित सक्षमता परीक्षा-2 में जिले के उत्तीर्ण विशिष्ट शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने हेतु विशिष्ट शिक्षक नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
सर्वप्रथम नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ0 नवल किशोर चौधरी, विधान पार्षद डॉ एन के यादव, माननीय विधायक ललन कुमार, माननीय जिला परिषद अध्यक्ष मिथुन कुमार यादव, भागलपुर नगर निगम के माननीय मेयर डॉ वसुंधरा लाल के कर कमलों से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सक्षमता परीक्षा पार्ट- 2 में उत्तीर्ण जिले के 1152 विशिष्ट शिक्षकों को आज औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रदान किया जा रहा है, जिसमें जिला स्तर पर 100 शिक्षकों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र का वितरण किया जा रहा है शेष शिक्षकों को प्रखंड स्तर पर आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में नियुक्ति पत्र वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि लोकतंत्र में हम अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हैं लेकिन अपने कर्तव्यों के प्रति सजग नहीं रहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहें तो हम हमें अधिकार मांगने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। अधिकार हमें स्वयं मिल जाएगा।
उन्होंने कहा कि यहां उपस्थित लोगों में से 90% लोगों की पढ़ाई सरकारी स्कूलों में हुई है। और हम सभी जानते हैं उस समय सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की जो स्थिति थी और शिक्षकों का समाज में जो सम्मान था। पुनः वही प्रतिष्ठा समाज में कैसे प्राप्त किया जाए यह हमें सोचना पड़ेगा।
हमें अपने कार्य प्रणाली पर विचार करना पड़ेगा उन्होंने कहा कि हमें पढ़ाई की स्थिति को बेहतर करना पड़ेगा, बिहार के बच्चे मेघावी और परिश्रमी होते हैं। उन्हें उभारने एवं एक सही आकार देने की जरूरत है। यदि हमारे शिक्षक पूरी निष्ठा से पढ़ना शुरू कर दे तो बिहार के बच्चों को आगे बढ़ने से कोई रोक नहीं सकेगा।
कार्यक्रम में आयुक्त के सचिव श्री अनिल कुमार राय, अपर समाहर्ता श्री महेश्वर प्रसाद सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री राजकुमार शर्मा संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता उपस्थित सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
