विशेष अभियान में बड़ी सफलता,12 चक्का ट्रक से 8244.36 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक अभियुक्त गिरफ्तार

भोजपुर।
मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार को विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई में बाहरी राज्य से बिहार में लाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब को जब्त किया गया है। इस दौरान एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार भी किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के विशेष अभियान दल को गुप्त सूचना मिली थी कि एक 12 चक्का ट्रक के माध्यम से बाहरी राज्य से विदेशी शराब का अवैध परिवहन बिहार में किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही उत्पाद थाना जगदीशपुर, जिला भोजपुर के सहयोग से संयुक्त टीम का गठन किया गया और संभावित मार्ग पर सघन वाहन जांच शुरू की गई।
दिनांक 09 जनवरी 2026 को जांच के दौरान संदिग्ध 12 चक्का ट्रक को रोका गया। तलाशी के क्रम में ट्रक से लगभग 8244.36 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसे विधिवत जप्त कर लिया गया। मौके से ट्रक चालक/संबंधित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त शराब को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है, जिससे शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस एवं मद्यनिषेध विभाग ने स्पष्ट किया कि राज्य में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *