विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 को लेकर निर्वाचक सूची प्रेक्षक भरत खेड़ा ने की समीक्षा बैठक

बांका – भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त विशेष निर्वाचक सूची प्रेक्षक श्री भरत खेड़ा (भा.प्र.से.) ने समाहरणालय स्थित सभागार में बांका जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री नवदीप शुक्ला (भा.प्र.से.) के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 को लेकर बैठक की।
प्रेक्षक श्री खेड़ा ने बताया कि अंतिम बार यह पुनरीक्षण वर्ष 2003 में हुआ था, और दो दशकों के अंतराल के कारण व्यापक संशोधन आवश्यक हो गया है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने बीएलए को सक्रिय करने तथा बीएलओ के माध्यम से हर समस्या का समाधान शीघ्र कराने का आह्वान किया।
बैठक में विभिन्न दलों ने सुझाव दिए। राजद जिलाध्यक्ष श्री अर्जुन प्रसाद ठाकुर ने खेती के मौसम में कम भागीदारी की बात कही, वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती कंचना कुमारी ने प्रवासी मजदूरों के राज्य से बाहर रहने का मुद्दा उठाया। जदयू जिलाध्यक्ष ने बीएलए की नियुक्ति को मतदाता सूची की शुद्धता के लिए अहम बताया।
श्री खेड़ा ने सभी को जानकारी दी कि नाम जोड़ने हेतु फॉर्म 6, नाम हटाने हेतु फॉर्म 7 और सुधार के लिए फॉर्म 8 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा किया जा सकता है। यह फॉर्म ECI की वेबसाइट, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार की वेबसाइट, ECINET ऐप और बीएलओ के पास उपलब्ध हैं।
विशेष कैंप: 02 अगस्त से 01 सितंबर तक
प्रत्येक प्रखंड कार्यालय एवं नगर निकाय में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं, जहां योग्य नागरिक अपना नाम जोड़ने, सुधार या विलोपन के लिए आवेदन जमा कर सकते हैं।
नागरिकों से अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री नवदीप शुक्ला ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे voters.eci.gov.in पोर्टल या ECINET ऐप के माध्यम से अपनी प्रविष्टि जांचें और समय रहते सुधार कराएं, ताकि लोकतंत्र के इस महापर्व में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी ERO, और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
