विश्व प्रसिद्ध सीताकुंड माघ मेला का उद्घाटन, एक माह तक चलेगा आयोजन

मुंगेर, संवाददाता।
एक माह तक चलने वाले विश्व प्रसिद्ध सीताकुंड माघ मेला का विधिवत उद्घाटन बुधवार अपराह्न मुंगेर के अपर समाहर्ता मनोज कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उनके साथ सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक एवं मुंगेर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक आनंद भी उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता मनोज कुमार ने कहा कि गर्म झरनों के लिए विश्व विख्यात सीताकुंड न केवल देश बल्कि विदेशों में भी अपनी अलग पहचान रखता है। यहां भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशी पर्यटक भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। एक ही परिसर में ठंडे जल कुंड और गर्म जल कुंड की अद्भुत प्राकृतिक संरचना को देखकर श्रद्धालु और पर्यटक आश्चर्यचकित रह जाते हैं।

उद्घाटन के उपरांत अपर समाहर्ता ने माता सीता की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरा सीताकुंड परिसर शंखध्वनि से गूंज उठा। आयोजन के मौके पर भक्ति पर आधारित भजन एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, सीताकुंड माघ मेला के दौरान देश-विदेश एवं आसपास के जिलों से लगभग तीन लाख श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और माता सीता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे सीताकुंड परिसर को रंगीन बल्बों एवं आकर्षक झालरों से सजाया गया है।

सीताकुंड की विशेषता यह है कि एक ही परिसर में स्थित राम कुंड, लक्ष्मण कुंड, भरत कुंड और शत्रुघ्न कुंड में पूरे वर्ष जल शीतल रहता है, जबकि सीता कुंड में वर्ष के सात माह तक जल गर्म रहता है। यह प्राकृतिक चमत्कार श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *