वीरांगना लक्ष्मीबाई जयंती पर छात्रा संवाद व स्वाभिमान यात्रा आयोजित

रिपोर्ट : राज किशोर साह, भागलपुर ब्यूरो
नवगछिया,
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नवगछिया इकाई द्वारा मदन अहल्या महिला महाविद्यालय में मंगलवार को वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर भव्य छात्रा संवाद एवं स्वाभिमान यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिससे पूरे वातावरण में ऊर्जा, उत्साह और श्रद्धा का संचार हुआ।
पदाधिकारियों ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन एबीवीपी दक्षिण बिहार के राष्ट्रीय कला मंच प्रांत संयोजक विश्वास वैभव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री ओम सिंह, प्रांत सह छात्रा प्रमुख साक्षी भारद्वाज, पूर्व कॉलेज मंत्री दीपा कुमारी, कॉलेज अध्यक्ष दीक्षा मिश्रा तथा कॉलेज मंत्री मौसम सिंह निषाद ने संयुक्त रूप से किया। संचालन की जिम्मेदारी दीक्षा मिश्रा ने निभाई।
वक्ताओं ने लक्ष्मीबाई के साहस और प्रेरणा पर डाला प्रकाश
कार्यक्रम में वक्ताओं ने रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति, त्याग और नेतृत्व क्षमता पर विस्तार से चर्चा की।
विश्वास वैभव ने कहा,
“विद्यार्थी परिषद वीरांगना लक्ष्मीबाई जयंती को स्त्री शक्ति दिवस के रूप में मनाती है। लक्ष्य है कि हर छात्रा अपने भीतर नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना की ज्योति प्रज्वलित करे।”
श्री ओम सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ आत्मरक्षा का ज्ञान भी आवश्यक है, जैसा कि लक्ष्मीबाई ने कम उम्र में शस्त्र–विद्या सीखकर सिद्ध किया।
साक्षी भारद्वाज ने कहा कि एबीवीपी ने सदैव सामान्य छात्राओं को नेतृत्व का अवसर देकर नारी सशक्तिकरण की परंपरा को मजबूत किया है।
धन्यवाद ज्ञापन मौसम सिंह निषाद ने किया।
स्वाभिमान यात्रा ने शहर में भरी नई ऊर्जा
कार्यक्रम के बाद सैकड़ों छात्राओं ने रानी लक्ष्मीबाई के वेश में रंगारंग स्वाभिमान यात्रा निकाली। यात्रा कॉलेज से शुरू होकर थाना चौक, अनुमंडल अस्पताल चौक, गौशाला रोड, महाराज जी चौक, दुर्गा मंदिर चौक, वैशाली चौक होते हुए स्टेशन तक पहुंची। शहरभर में लोगों ने पुष्पवर्षा कर छात्राओं का स्वागत किया और कार्यक्रम की सराहना की।
बड़ी संख्या में छात्राओं ने दी उपस्थिति
स्वाभिमान यात्रा में मुख्य रूप से विश्वास वैभव, श्री ओम सिंह, साक्षी भारद्वाज, दीपा कुमारी, दीक्षा मिश्रा, मौसम सिंह निषाद, निकिता सिंह, रौशनी कुमारी, प्रेमलता, मुस्कान, अंकिता, राज कन्या, विक्की मिश्रा, शुभम कुमार, राजू कुमार, सौरव कुमार, अंश राज, अभिषेक कुमार, नवनीत कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्राएँ और स्वयंसेवक शामिल रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन ने छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रबल किया।
