वैष्णवी दुर्गा मंदिर बना आस्था और पर्यटन का केंद्र, अष्टमी पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत बैजानी, जमीन, फुलवरिया गांव स्थित मां वैष्णवी दुर्गा मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। यहां विराजमान 18 भुजाओं वाली अद्भुत प्रतिमा वाली मां दुर्गा की महिमा पूरे क्षेत्र में फैली हुई है। यह प्रतिमा अपने आप में अनूठी है, जो मंदिर को विशेष पहचान देती है।

अष्टमी के पावन अवसर पर मंगलवार की सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु आसपास के जिलों से डलिया चढ़ाने पहुंचे। महिलाओं ने सिर पर डलिया लेकर मां को नैवेद्य अर्पित किया और परिवार की सुख-शांति की कामना की। ढोल-नगाड़ों, शंखध्वनि और जयकारों से मंदिर प्रांगण भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मंदिर नवरात्र में विशेष आकर्षण का केंद्र बन जाता है। मां वैष्णवी की 18 भुजाओं वाली प्रतिमा श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक मानी जाती है। इस दौरान मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बाईपास थाना अध्यक्ष प्रभात कुमार शर्मा ने बताया कि महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई है।

साथ ही सादी वर्दी में भी पुलिस कर्मी मौजूद रहेंगे ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सके। यह मंदिर अब न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि स्थानीय संस्कृति और पर्यटन का भी अहम केंद्र बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *