शाम ढलते ही छह नकाबपोश अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी को मारी चार गोली

बौंसी (बांका)। संवाददाता

शनिवार की शाम बौंसी थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित स्टेशन रोड पर अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। स्टेशन रोड पर स्थित शिव ज्वेलर्स के स्वामी के पुत्र एवं प्रतिष्ठान के संचालक 35 वर्षीय नवीन भुवानियां को छह नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने दुकान के भीतर घुसकर गोली मार दी। वारदात करीब शाम 7 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दो बाइक पर पहुंचे छह नकाबपोश

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह नकाबपोश युवक दुकान के सामने पहुंचे। इनमें से चार हथियारबंद अपराधी दुकान में घुसे और संचालक नवीन भुवानियां को हथियार के बल पर झोला फैलाकर गहने भरने के लिए कहा। विरोध करने पर अपराधियों ने पहले व्यवसायी को थप्पड़ जड़कर जमीन पर गिरा दिया और जब वह उठने लगे तो उन पर ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी।

राजमिस्त्री से भी की मारपीट

घटना के वक्त दुकान में कर्मचारी मौजूद थे, साथ ही एक राजमिस्त्री भी अपना मेहनताना लेने आया हुआ था। नवीन भुवानियां को गोली लगने के बाद राजमिस्त्री ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो अपराधियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद हमलावर अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर मधुसूदन मंदिर की दिशा में भाग निकले।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोटरसाइकिल पर दो अपराधी सीधे बैठे थे जबकि एक हथियार लेकर विपरीत दिशा में बैठा था। वारदात के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल पसर गया और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

गंभीर हालत में रेफर

घायल स्वर्ण व्यवसायी को आनन-फानन में रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर रमन कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय व्यवसायियों की भीड़ अस्पताल एवं बाजार में जुट गई।

पुलिस प्रशासन मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ बौंसी अर्चना कुमारी, थानाध्यक्ष सुधीर कुमार, इंस्पेक्टर राकेश कुमार, एएसआई पंकज सिंह समेत पुलिस बल अस्पताल पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस पदाधिकारी स्टेशन रोड स्थित शिव ज्वेलर्स दुकान पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।

एसडीपीओ अर्चना कुमारी ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही वारदात में शामिल अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की जाएगी।

दहशत में व्यापारी

स्वर्ण व्यवसायी पर जानलेवा हमले की खबर आग की तरह पूरे बाजार में फैल गई। घटना से आक्रोशित एवं भयभीत स्थानीय व्यवसायी बड़ी संख्या में प्रतिष्ठान के बाहर जुट गए। व्यवसायियों का कहना है कि शाम ढलते ही इस तरह की वारदात से बाजार में दहशत का माहौल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *