शैक्षणिक गतिविधि स्थगित, शिक्षकों ने दीवार लेखन से बच्चों को दी प्रेरणा

जगदीशपुर (भागलपुर)।
कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला पदाधिकारी के आदेशानुसार कक्षा आठ तक की शैक्षणिक गतिविधियां अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दी गई हैं। हालांकि विद्यालय में शिक्षक नियमित रूप से उपस्थित हैं। इसी खाली समय का सकारात्मक उपयोग करते हुए मध्य विद्यालय जगदीशपुर के शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में दीवार लेखन की शुरुआत की है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक स्तर के शिक्षकों में कला का होना अत्यंत आवश्यक है। शिक्षकों को कक्षा संचालन के दौरान केवल पढ़ाना ही नहीं, बल्कि अभिनय, नृत्य, संगीत और चित्रांकन जैसे माध्यमों का भी सहारा लेना पड़ता है, जिससे बच्चे सहज रूप से सीख सकें। दीवारों पर उकेरे गए प्रेरणादायी चित्र और शैक्षणिक संदेश बच्चों को आकर्षित करते हैं और उनमें रचनात्मकता विकसित करते हैं।
उन्होंने कहा कि जब बच्चे विद्यालय आते हैं और इन चित्रों व संदेशों को देखते हैं, तो वे न केवल प्रेरित होते हैं, बल्कि कई बच्चे उसका अभ्यास भी करने लगते हैं। इससे बच्चों में सीखने के प्रति रुचि बढ़ती है और उनका सर्वांगीण विकास होता है।
दीवार लेखन का यह कार्य शिक्षिका वीणा कुमारी, अभिनाश सरोज, प्रतिमा मिश्रा एवं शाहिना खातून द्वारा किया जा रहा है। शिक्षकों के इस रचनात्मक प्रयास की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। ठंड के कारण पठन-पाठन भले ही स्थगित हो, लेकिन शिक्षकों की यह पहल विद्यालय को सीखने और प्रेरणा का केंद्र बनाए रखने में सहायक सिद्ध हो रही है।
