श्रावणी मेले की तैयारी को लेकर डीडीसी ने गंगा घाट का किया निरीक्षण, 11 जुलाई तक सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश
रिपोर्ट: शयामानंद सिंह, भागलपुर

भागलपुर, सुल्तानगंज: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को भागलपुर के डिप्टी डेवलपमेंट कमिश्नर (डीडीसी) प्रदीप कुमार, सीटी एसपी शुभांक मिश्रा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की टीम ने सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने गंगा घाट, उद्घाटन स्थल, रैन सेंटर, पार्किंग जोन समेत कांवरिया पथ पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि 11 जुलाई से पूर्व हर हाल में सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। घाट पर अवैध रूप से लगाए गए अतिक्रमित दुकानों को हटाने के भी आदेश दिए गए।
निरीक्षण उपरांत नगर परिषद सुल्तानगंज के सभागार में एक संयुक्त समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें डीडीसी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों से कहा कि श्रावणी मेला में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक के दौरान अनुपस्थित अधिकारियों को फटकार भी लगाई गई।
डीडीसी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि “श्रावणी मेला 11 जुलाई से आरंभ होने जा रहा है, जिसकी सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उद्घाटन समारोह से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। इस बार मेले के उद्घाटन अवसर पर बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई मंत्रीगण उपस्थित रहेंगे।”
इस अवसर पर नगर सभापति राज कुमार गुड्डू, ट्रैफिक डीएसपी आशीष सिंह, डीआरडीए डायरेक्टर दुर्गा शंकर, एसडीओ विकास कुमार, डीएसपी चंद्र भूषण कुमार, थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, वीडीओ संजीव कुमार, सीओ रवि कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, पंचायती राज विभाग की पदाधिकारी नीलिमा कुमारी, सीटी मैनेजर रविश वर्मा समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
