संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ को लेकर मुख्य सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न
पटना। राज्य में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की पूर्व तैयारियों को लेकर आज मुख्य सचिवालय स्थित सभा कक्ष में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री द्वारा की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों के माननीय मंत्री एवं वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य क्षेत्रीय पदाधिकारी भी बैठक में जुड़े। बैठक में बिहार मौसम सेवा केंद्र द्वारा प्रस्तुत पूर्वानुमान के अनुसार, जून से सितंबर तक राज्य में सामान्य वर्षापात की संभावना जताई गई है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है, और सरकार हर स्थिति में प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए कटिबद्ध है।
मुख्य बिंदु:
- मानक संचालन प्रक्रिया (एस॰ओ॰पी॰) के अनुरूप बाढ़ एवं सुखाड़ से निपटने की पूर्व तैयारियाँ जारी।
- क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मती एवं नदी तटबंधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश।
- बाढ़ की स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छ पेयजल एवं राहत केंद्रों की व्यवस्था पर विशेष जोर।
- फसल क्षति की स्थिति में किसानों को आर्थिक सहायता देने की रूपरेखा पर चर्चा।
- आपदा प्रबंधन विभाग को लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग करने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश।
मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को सजग एवं सतर्क रहने को कहा, ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में राहत कार्य में कोई कमी न रह जाए।