सदर अस्पताल खगड़िया के मुख्य गेट पर लाल रंग का पानी जमा, लोगों में दहशत

खगड़िया।
खगड़िया सदर अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर लाल रंग का पानी जमा होने से मंगलवार को अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, उनके परिजनों और आम लोगों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कई लोगों ने इसे खून मिला पानी तक मान लिया, जिससे कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल परिसर के बाहर गेट के पास नाली का पानी सड़क पर फैल गया था, जिसका रंग असामान्य रूप से लाल दिखाई दे रहा था। पानी जमा होने से मरीजों को अस्पताल में प्रवेश करने में भी परेशानी हुई। कुछ लोगों ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह अस्पताल प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था पहले से ही बदहाल है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी अक्सर बाहर निकल आता है। आशंका जताई जा रही है कि आसपास की किसी पैथोलॉजी लैब या ड्रेसिंग रूम से निकले रसायनयुक्त पानी के नाली में मिल जाने से पानी का रंग लाल हो गया।

इस संबंध में जब अस्पताल कर्मियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह खून नहीं, बल्कि दवाइयों, केमिकल और गंदगी के मिश्रण के कारण पानी का रंग बदला हुआ है। साथ ही कहा गया कि मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है और जल्द ही नाली की सफाई कराई जाएगी।

फिलहाल लोगों की मांग है कि अस्पताल प्रशासन पूरे मामले की जांच कराए और यह स्पष्ट करे कि लाल रंग का पानी आखिर किस वजह से जमा हुआ, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।सदर अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान में इस तरह की अव्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *