सन्हौला थाना चौक पर भीषण सड़क हादसा, ईंट लदे ट्रैक्टर की टक्कर से सरपंच की पत्नी की मौत


रिपोर्ट— शयामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर। जिले के सन्हौला थाना चौक के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार महिला को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में धोरैया प्रखंड के बटसार पंचायत के सरपंच की पत्नी सबिता देवी (50 वर्ष), पति— भरोसी मंडल, निवासी बटसार की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सबिता देवी अपने मायके जमीन कलिकापुर में आयोजित भोज कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वे सन्हौला थाना चौक के पास पहुंचीं, उसी दौरान तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सन्हौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सन्हौला थाना चौक पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही और वाहनों की अनियंत्रित गति के कारण आए दिन इस चौक पर हादसे होते रहते हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी वाहन चालक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *