सबौर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई, हथियारों के साथ दो अपराधी गिरफ्तार

भागलपुर।
वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब, अवैध आग्नेयास्त्र, मादक पदार्थों की बरामदगी एवं चोरी–छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन गश्ती एवं हॉट-स्पॉट क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 22 दिसंबर 2025 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सबौर थाना अंतर्गत ग्राम रजनंदीपुर दियरा में कुछ लोग अपने वर्चस्व को बनाए रखने के उद्देश्य से अवैध आग्नेयास्त्र एवं कारतूस अपने पास रखे हुए हैं।
सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक (नगर), भागलपुर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए रजनंदीपुर दियरा में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो अभियुक्तों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया।
पहले अभियुक्त पवन कुमार, पिता–राजेन्द्र मंडल, निवासी–रजनंदीपुर, थाना–सबौर, जिला–भागलपुर को एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस एवं एक मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया।
वहीं दूसरे अभियुक्त कोको मंडल, पिता–बसंत मंडल, निवासी–ईदमातपुर, थाना–घोघा, जिला–भागलपुर को एक देशी बंदूक, दो देशी कट्टा एवं 45 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।
इस प्रकार पुलिस ने कुल तीन देशी कट्टा, एक देशी बंदूक, 47 जिंदा कारतूस एवं एक मोबाइल बरामद किया है। दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके आपराधिक नेटवर्क एवं हथियारों की आपूर्ति से जुड़े अन्य बिंदुओं पर अग्रतर कार्रवाई जारी है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
Bihar Police
#BhagalpurPolice
#HainTaiyarHum
#Checking
