समाहरणालय परिसर में वाहनों की सघन जांच, 17 वाहन चालकों से ₹47,500 का जुर्माना

रोहतास
जिलाधिकारी रोहतास उदिता सिंह के निर्देश पर समाहरणालय परिसर में वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत समाहरणालय परिसर में खड़े कुल 49 वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन, अवैध पार्किंग तथा आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में 17 वाहन दोषी पाए गए। इन सभी पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल ₹47,500 (सैंतालीस हजार पाँच सौ रुपये) का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
इस विशेष अभियान में जिले के सभी मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) मौजूद रहे। वहीं ओएसडी श्री आशीष रंजन भी मौके पर उपस्थित रहकर पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।
जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस प्रकार का जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। उन्होंने निर्देश दिया कि अवैध पार्किंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और सरकारी अधिकारियों के वाहनों सहित सभी वाहनों के वैध दस्तावेजों की जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन की ओर से आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।
#RohtasNews #DMRohtas #TrafficChecking #VehicleChecking #TransportDepartment #RoadSafety #HindustanNews
