समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए सख्त निर्देश: लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई

गोपालगंज: जिला समाहरणालय सभागार में आज जिला पदाधिकारी श्री प्रशांत कुमार सी.एच. (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश दीक्षित, सभी अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष, खनन पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, नीलाम पत्र पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में विधि-व्यवस्था, मद्य निषेध, भूमि विवाद, अवैध खनन, वाहन जांच और नीलाम पत्र के लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई।

शराबबंदी पर सख्त निर्देश

डीएम ने सभी थानाध्यक्षों को जिले में पूर्ण शराबबंदी को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सघन जांच अभियान चलाने, अवैध शराब की भंडारण, निर्माण और बिक्री पर तत्काल कार्रवाई करने तथा जब्त शराब का शीघ्र विनष्टीकरण सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

वाहन जांच और GPS निगरानी

सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की नियमित जांच के निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि अवैध शराब की ढुलाई को रोकने के लिए GPS निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए।

भूमि विवादों का त्वरित समाधान

प्रत्येक थाना परिसर में जनता दरबार आयोजित कर भूमि विवादों का ऑन-स्पॉट समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। राजस्व और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर पुराने मामलों के निष्पादन पर ज़ोर दिया गया।

अवैध खनन पर रोक

खनन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि चिन्हित बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। अवैध खनन की सूचना पर तत्काल छापेमारी, दोषियों की गिरफ्तारी तथा संलिप्त वाहनों की जब्ती सुनिश्चित की जाए।

नीलाम पत्र मामलों पर कार्रवाई

जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि बैंकों का ऋण नहीं चुकाने वाले किसानों/ग्राहकों के विरुद्ध वारंट निर्गत कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज की जाए।

साप्ताहिक रिपोर्टिंग और अनुशासन

सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित मामलों की सप्ताहवार रिपोर्ट डीएम कार्यालय में प्रस्तुत की जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक समन्वय और निगरानी में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पदाधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *