समृद्धि यात्रा की तैयारियों को लेकर आयुक्त ने की व्यापक समीक्षा, समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण, योजनाओं की गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर
पश्चिम चम्पारण
माननीय मुख्यमंत्री, बिहार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के मद्देनजर जिले में प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में आज आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल, श्री गिरिवर दयाल सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान आयुक्त ने प्रगति यात्रा, सात निश्चय-2 एवं सात निश्चय-03 के अंतर्गत संचालित योजनाओं के साथ-साथ जिले में क्रियान्वित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि स्थलीय निरीक्षण, कार्यों की वास्तविक प्रगति और जनसुविधाओं से जुड़े पहलुओं पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। आयुक्त ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को सफल, प्रभावी और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करे।
समीक्षा बैठक से पूर्व किया स्थल निरीक्षण
समीक्षा बैठक से पूर्व आयुक्त श्री गिरिवर दयाल सिंह ने मुख्यमंत्री की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के दौरान चिन्हित स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ये रहे उपस्थित
बैठक में जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह, प्रभारी उप विकास आयुक्त-सह-अपर समाहर्ता श्री राजीव रंजन सिन्हा, नगर आयुक्त नगर निगम श्री लक्ष्मण तिवारी, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री कुमार रविन्द्र, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा, निदेशक डीआरडीए श्री अरूण प्रकाश सहित सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।
