समृद्धि यात्रा के चौथे दिन गोपालगंज पहुंचे मुख्यमंत्री

सारण बांध का निरीक्षण, योजनाओं का शिलान्यास–उद्घाटन, लाभार्थियों को सौंपे चेक

गोपालगंज,
राज्य में विकास कार्यों की गति को तेज करने और जमीनी हकीकत का आकलन करने के उद्देश्य से निकाली गई समृद्धि यात्रा के चौथे दिन आज माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार गोपालगंज जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने बतरदेह स्थित सारण बांध का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान बांध की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव की समीक्षा की तथा बाढ़ नियंत्रण एवं जनसुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री बरौली पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। यहां उन्होंने कई विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक प्रदान कर लाभान्वित किया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्री सुनील कुमार, गोपालगंज सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन, विधायक श्री मंजीत सिंह, जद (यू) गोपालगंज जिला अध्यक्ष श्री आदित्य शंकर शाही सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे जिले के विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *