समृद्धि यात्रा के तहत दरभंगा पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जीविका दीदियों के कार्यों की सराहना

दरभंगा
समृद्ध और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से जारी समृद्धि यात्रा 2026 के क्रम में बुधवार को माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार दरभंगा जिले के भ्रमण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जीविका समूह द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और महिलाओं द्वारा संचालित स्वरोजगार गतिविधियों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को देखा और उनके प्रयासों को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि जीविका से जुड़ी महिलाएं आज आत्मनिर्भर बन रही हैं और अपने परिवार के साथ-साथ समाज की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही हैं। यह बिहार के सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन का सशक्त उदाहरण है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। जीविका के माध्यम से हजारों महिलाएं रोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनी हैं, जो विकसित बिहार की दिशा में एक मजबूत कदम है।
जीविका समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने अनुभव साझा किए और बताया कि किस प्रकार समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। महिलाओं ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं के सहयोग से उन्हें स्वरोजगार का अवसर मिला है।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जीविका से जुड़े पदाधिकारी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
