समृद्धि यात्रा के दौरान सीएम नीतीश ने समस्तीपुर में जीविका दीदियों के स्टॉल का किया निरीक्षण, स्वयं सहायता समूहों को मिला आर्थिक संबल

समस्तीपुर
समृद्धि यात्रा के क्रम में बुधवार को बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार समस्तीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं द्वारा संचालित स्वरोजगार गतिविधियों की भूरी-भूरी प्रशंसा की और इसे आत्मनिर्भर बिहार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से सीधे संवाद करते हुए उनके कार्य, उत्पादों की गुणवत्ता और विपणन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आज सामाजिक और आर्थिक बदलाव की मजबूत धुरी बन चुकी हैं। जीविका के माध्यम से महिलाओं को रोजगार, आत्मसम्मान और स्वावलंबन मिला है, जो बिहार के समग्र विकास के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 23,472 स्वयं सहायता समूहों के बीच वितरण हेतु 4,37,00,00,000 (चार सौ सैंतीस करोड़) रुपये का सांकेतिक चेक जीविका दीदियों को प्रदान किया। इस राशि से समूहों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वरोजगार को और अधिक विस्तार दे सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और जीविका योजना इसकी सबसे सफल मिसाल है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में बिहार की महिलाएं आर्थिक रूप से और भी अधिक सशक्त होंगी तथा राज्य के विकास में बड़ी भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, ग्रामीण विकास विभाग के पदाधिकारी, जीविका परियोजना से जुड़े प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।
