सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, सीओ ने की नापी; अतिक्रमण हटाने का आदेश

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत नोनसर गांव में बिहार सरकार की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। गांव के ही किसान धन्नजय कुमार सिंह, उपेंद्र सिंह, अखिलेश कुमार सिंह एवं मनोज कुमार सिंह द्वारा इस संबंध में पदाधिकारियों को लिखित आवेदन दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रमंडलीय आयुक्त के आदेश पर प्रभारी अंचल अधिकारी शालनी कुमारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं।
सीओ ने राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में स्थल की नापी कराई। नापी के दौरान यह पाया गया कि बिहार सरकार की जमीन पर अवैध रूप से दीवार का निर्माण कर कब्जा किया गया है। इसके बाद विपक्षी पक्ष पूनम देवी एवं सोनू कुमार सिंह तथा मिठ्ठू सिंह (पिता– कुंज बिहारी सिंह) को सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का स्पष्ट निर्देश दिया गया। सीओ ने कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, इस मामले में नया मोड़ तब आया जब मनोज कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष उनके निजी जमीन पर भी जबरन दीवार देने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने इस संबंध में लिखित आवेदन देकर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। आवेदन के आधार पर फिलहाल निजी भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया गया है।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर फिलहाल दीवार निर्माण पर रोक लगाई गई है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
प्रशासन का कहना है कि नापी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। गांव में फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
