सरस्वती पूजा को लेकर कटिहार जिले के थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित

कटिहार, संवाददाता।
आज दिनांक 17 जनवरी 2026 को कटिहार जिले के मुफ्फसिल थाना, बारसोई थाना एवं कोढ़ा थाना परिसर में आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पूजा समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की गई।
पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीजे पर नियंत्रण, निर्धारित समय में प्रतिमा विसर्जन, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का संकल्प लिया।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
