सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर मुख्यमंत्री ने किया फ्लैग लगाकर सैनिकों को नमन

एक्स सर्विसमैन बेनेवोलेंट फंड में किया अंशदान
पटना। सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने फ्लैग लगाकर देश की रक्षा में समर्पित वीर सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने बिहार स्टेट एक्स सर्विसमैन बेनेवोलेंट फंड में स्वेच्छा से अंशदान भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों का योगदान अविस्मरणीय है और सरकार उनके कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में सैनिक कल्याण निदेशालय के निदेशक ब्रिगेडियर मृगेन्द्र कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि झंडा दिवस के माध्यम से जुटाई गई राशि का उपयोग पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और शहीद परिवारों के कल्याण कार्यों में किया जाता है।
इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी फ्लैग डे फंड में योगदान दिया तथा सैनिकों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में देश की सुरक्षा में शहीद हुए जवानों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
