सशस्त्र सेना झंडा दिवस 7 दिसंबर को, सैनिकों के सम्मान में डीजीपी को लगाया गया झंडा पिन

रिपोर्ट: शयामानंद सिंह, पटना
सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में सैन्य कर्मियों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के सम्मान का संदेश देने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में आज दिनांक 05 दिसंबर 2025 को सैनिक कल्याण निदेशालय की ओर से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री विनय कुमार को सशस्त्र सेना झंडा पिन लगाया गया।
कार्यक्रम के दौरान सैनिक कल्याण निदेशालय के प्रतिनिधियों ने डीजीपी को झंडा पिन कर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। इसके साथ ही निदेशालय की ओर से सैनिकों एवं उनके परिजनों के सहयोग हेतु सांकेतिक दान (Symbolic Contribution) भी प्राप्त किया गया।
इस अवसर पर डीजीपी विनय कुमार ने देश की रक्षा में तत्पर सैन्य बलों के अदम्य साहस, त्याग और सेवा भावना को नमन करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में सैनिकों का योगदान अमूल्य है और समाज के प्रत्येक नागरिक को उनके प्रति सम्मान प्रदर्शित करना चाहिए।
ज्ञात हो कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस 07 दिसंबर (रविवार) को पूरे राज्य में मनाया जाएगा। यह दिवस भारत के शहीदों, वीर सैनिकों और उनके परिवारों के उत्थान एवं कल्याण के लिए समर्पित है। इसी दिन देशभर में झंडा पिन वितरित कर नागरिकों से योगदान लेने की परंपरा निभाई जाती है।
सैनिक कल्याण निदेशालय ने राज्यवासियों से अपील की है कि वे झंडा दिवस के अवसर पर आगे आकर सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति अपना सम्मान एवं सहयोग अवश्य प्रदान करें।
