सात्विक प्रेम अपने कार्य का आधार है : मिलिंद परांडे, केंद्रीय संगठन महामंत्री

पटना (बाढ़)। सरस्वती विद्या मंदिर, गुलाबबाग में विश्व हिंदू परिषद दक्षिण बिहार की तीन दिवसीय प्रांत कार्यसमिति बैठक का समापन रविवार को हुआ। इस आयोजन में दक्षिण बिहार के 24 जिलों से विहिप, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, धर्म प्रसार और सेवा विभाग के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए विहिप केंद्रीय सलाहकार समिति सदस्य डॉ. आर.एन. सिंह ने कहा कि संगठन ने पिछले 60 वर्षों में अनेक आंदोलनों और जनजागरण अभियानों के जरिए करोड़ों लोगों को हिंदुत्व से जोड़ा है। राम मंदिर निर्माण के बाद विहिप अब सामाजिक और राष्ट्रीय समस्याओं के समाधान में अग्रणी भूमिका निभा रही है।
मुख्य अतिथि एवं केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद का कार्य सात्विक प्रेम पर आधारित है। कार्यकर्ता आत्म-प्रेरणा से देश व धर्म के लिए कार्य करता है। उन्होंने ‘पंच परिवर्तन’ की अवधारणा को व्यवहार में लाने पर बल दिया—जिसमें कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वबोध और नागरिक कर्तव्य जैसे विषय शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि मतदान, ट्रैफिक नियम पालन, समय से टैक्स देना, प्लास्टिक से परहेज और जल संरक्षण जैसे छोटे कार्य भी राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
मंच पर क्षेत्रीय धर्माचार्य संपर्क प्रमुख विरेंद्र विमल, क्षेत्र मंत्री डॉ. वीरेंद्र साहू, प्रांत अध्यक्ष आदित्य जालान, उपाध्यक्ष डॉ. शोभा रानी सिंह, डॉ. एन.के. गुप्ता और प्रांत मंत्री संतोष सिसौदिया उपस्थित थे।
