सामाजिक न्याय की दिशा में अहम पहल एससी–एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत जिलास्तरीय सतर्कता समिति की बैठक सम्पन्न

खगड़िया। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलास्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की अंतिम बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संबंधित जिला प्रशासन द्वारा की गई, जिसमें मामलों की गहन समीक्षा करते हुए त्वरित, निष्पक्ष एवं न्यायसंगत कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक बेलदौर श्री पन्ना लाल पटेल, उप विकास आयुक्त (डीडीसी), स्पेशल लोक अभियोजक (Special PP), जिला कल्याण पदाधिकारी (DWO) एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी (BWO) सहित समिति के सभी माननीय सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों की स्थिति, जांच की प्रगति, अभियोजन की स्थिति, पीड़ितों को देय राहत/मुआवजा तथा लंबित मामलों के कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि—
- लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
- पीड़ितों को समयबद्ध राहत एवं संरक्षण प्रदान हो।
- जांच व अभियोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- विशेष लोक अभियोजक समन्वय बनाकर प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करें।
विधायक श्री पन्ना लाल पटेल ने कहा कि सामाजिक न्याय की स्थापना तभी संभव है जब कानून का सख्ती से पालन हो और पीड़ितों को समय पर न्याय मिले। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि समिति के निर्देशों के आलोक में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे और अधिनियम के उद्देश्यों को धरातल पर उतारा जाएगा। बैठक का समापन सकारात्मक निष्कर्षों और अनुपालन की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।
