सारण में गणतंत्र दिवस 2026 पर एसएसपी ने किया झंडोत्तोलन, शहीदों को दी श्रद्धांजलि, परेड का लिया निरीक्षण

छपरा
गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर सारण जिले में भव्य और गरिमामय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा वरीय पुलिस अधीक्षक आवास, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा पुलिस केन्द्र, सारण में झंडोत्तोलन कर तिरंगे को सलामी दी गई। इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारियों, जवानों एवं कर्मियों ने राष्ट्र के प्रति निष्ठा और सेवा भावना की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण एवं जिलाधिकारी द्वारा पुलिस केन्द्र स्थित शहीद स्मारक पर जाकर शहीद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। दोनों अधिकारियों ने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा और पुलिस प्रशासन उनकी कुर्बानी को कभी नहीं भूलेगा।
गणतंत्र दिवस समारोह के अंतर्गत पुलिस केन्द्र, सारण में आयोजित परेड का भी वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा निरीक्षण किया गया। परेड में शामिल टुकड़ियों की अनुशासनबद्ध प्रस्तुति और उत्कृष्ट समन्वय ने सभी को प्रभावित किया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने जवानों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि बिहार पुलिस जनता की सेवा, सुरक्षा और विश्वास के लिए निरंतर तत्पर है।
पूरे कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान, देशभक्ति नारों और देशभक्ति गीतों से वातावरण देशप्रेम से सराबोर रहा।
