साहुरिया में डकैती की घटना के बाद पुलिस कप्तान ने किया निरीक्षण, शीघ्र गिरफ्तारी का दिया भरोसा
मधुबनी के अंधराठाढ़ी थानाक्षेत्र में हुई वारदात, पुलिस पदाधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
रिपोर्ट — मधुबनी

मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत साहुरिया गांव में बीती रात डकैती की हुई सनसनीखेज घटना के बाद शनिवार को पुलिस अधीक्षक, मधुबनी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित गृहस्वामी से मुलाकात की और पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
पुलिस अधीक्षक ने मौके पर उपस्थित थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों को शीघ्र अभियुक्तों की पहचान, गिरफ्तारी और लूटे गए सामानों की बरामदगी को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “घटना में शामिल अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही इस कांड का खुलासा किया जाएगा।”
घटना को लेकर गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी इस तरह की आपराधिक घटनाओं पर कड़ी नाराजगी जताई है। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम सुराग एकत्र किए हैं और संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया तेज़ कर दी गई है।
मधुबनी पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाने को दें। पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से मामले की तफ्तीश में जुटा है।
#HainTaiyaarHum #BiharPolice #Bihar
Bihar Police | Home Department, Govt. of Bihar
