साहेबगंज स्टेशन पर प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला को रेलवे अधिकारियों ने दी मदद

मालदा डिविजन के ‘ऑपरेशन मातृशक्ति’ के तहत समय पर सहायता, सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित
मालदा। मालदा डिविजन ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश करते हुए बुधवार को ‘ऑपरेशन मातृशक्ति’ के तहत प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला यात्री को समय पर सहायता प्रदान की। मिली जानकारी के अनुसार, 03 दिसंबर 2025 को 13071 हावड़ा–जमालपुर एक्सप्रेस के कोच S-6 में यात्रा कर रहीं 24 वर्षीय ईशा परवीन को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी।
सूचना मिलते ही साहेबगंज रेलवे स्टेशन पर मौजूद रेलवे अधिकारियों ने तुरंत हरकत में आते हुए महिला की मदद की तैयारी शुरू कर दी। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही साहेबगंज हेल्थ यूनिट के रेलवे डॉक्टर सुचेत डी. एस. मौके पर पहुंचे और महिला का प्राथमिक चिकित्सा परीक्षण किया। स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने तुरंत उन्हें सदर अस्पताल, साहेबगंज रेफर करने की सलाह दी।
इस दौरान ASI प्रसनजीत दास, कांस्टेबल अमित कुमार तथा ऑन-ड्यूटी कमर्शियल स्टाफ चंदन कुमार पॉल ने महिला यात्री व उसके परिजनों की हर संभव मदद की। रेलवे स्टाफ ने समन्वय बनाकर महिला को सुरक्षित रूप से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की।
मालदा डिविजन के अधिकारियों ने बताया कि रेलवे की यह त्वरित कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ‘ऑपरेशन मातृशक्ति’ के तहत रेलवे लगातार ऐसी आपात स्थितियों में महिलाओं को तात्कालिक सहायता प्रदान करता रहा है।
