सीडीएस व एनडीए-एनए परीक्षा : 71% अभ्यर्थियों ने दी उपस्थिति

आयुक्त ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, शांतिपूर्ण ढंग से चल रही परीक्षा

पटना : संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली द्वारा आयोजित सम्मिलित रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा (II), 2025 एवं राष्ट्रीय रक्षा अकादमी तथा नौसेना अकादमी (एनडीए एंड एनए) परीक्षा (II), 2025 रविवार को पटना केन्द्र पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है।

आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार, पटना केंद्र के कुल 54 उपकेंद्रों पर अलग-अलग पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है। इन परीक्षाओं में कुल 26,969 परीक्षार्थी निबंधित थे, जिनमें से अब तक की पालियों में 19,120 परीक्षार्थी (करीब 71%) उपस्थित हुए।

अलग-अलग परीक्षाओं में उपस्थिति का प्रतिशत भी उत्साहजनक रहा। एनडीए एवं एनए परीक्षा में 74% परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि सीडीएस परीक्षा में 62% अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

सफल संचालन के लिए प्रशासन ने सख्त सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की थी। स्थानीय निरीक्षण अधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया। साथ ही परीक्षा के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810/2219234) तथा आयुक्त कार्यालय, पटना प्रमंडल, पटना स्थित नियंत्रण कक्ष (0612-2219205/2233578) क्रियाशील रखा गया।

आयुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें और परीक्षा को स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *