सीतामढ़ी में रबी 2025-26 के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता, कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त


सीतामढ़ी।
रबी विपणन वर्ष 2025-26 को लेकर सीतामढ़ी जिले के सभी प्रखंडों में किसानों के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। जिला प्रशासन की ओर से लगातार सभी प्रखंडों को आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक की आपूर्ति कराई जा रही है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिला कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2025 के अंत तक आईपीएल (आई०पी०एल०) कंपनी से लगभग 1300 मीट्रिक टन यूरिया जिले को प्राप्त होने की सूचना मिली है। इससे रबी फसलों की बुआई और विकास कार्य में किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

उधर, उर्वरकों की कालाबाजारी, तस्करी एवं अन्य अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपलब्ध कराए गए उर्वरकों की निगरानी के लिए उर्वरक निरीक्षकों द्वारा नियमित रूप से छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 25 दिसंबर 2025 को जिले के कुल 128 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर सघन छापामारी की गई। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर एक उर्वरक प्रतिष्ठान का अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) निलंबित किया गया, जबकि पांच प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण की मांग की गई है।

वहीं, 26 दिसंबर 2025 को भी जिले में सघन छापामारी अभियान जारी रहा। इस दौरान अब तक 15 उर्वरक प्रतिष्ठानों की जांच की जा चुकी है, जिसमें एक प्रतिष्ठान का अनुज्ञप्ति निलंबित किया गया है। इसके अलावा, इसी दिन एसएसबी के सहयोग से सोनबरसा प्रखंड के इन्दरवा क्षेत्र में अवैध रूप से भंडारित उर्वरक जब्त किया गया। मामले में संबंधित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

 

अब तक रबी 2025 के दौरान उर्वरक वितरण में अनियमितता के आरोप में जिले में कुल तीन उर्वरक प्रतिष्ठानों का अनुज्ञप्ति रद्द, एक मामले में प्राथमिकी दर्ज, दो प्रतिष्ठानों का अनुज्ञप्ति निलंबित तथा सात प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण की मांग की जा चुकी है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उर्वरक की कालाबाजारी या अवैध भंडारण में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *