सीवान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया समृद्धि यात्रा के तहत विकास कार्यों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

सीवान, संवाददाता।
समृद्धि यात्रा के क्रम में आज मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने सीवान जिले के हुसैनगंज पथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत विकसित उद्यान एवं पोखर का भी अवलोकन किया और चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण किया जाए, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत किए जा रहे प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री मंगल पांडेय, मंत्री प्रमोद कुमार, सांसद श्रीमती विजयलक्ष्मी देवी, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल सहित राज्य सरकार के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्थानीय प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।
