सुगौली चीनी मिल का एसडीओ व एसडीपीओ ने किया निरीक्षण, परिचालन पर लगाई रोक

मोतिहारी।
गन्ना लदे ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) एवं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ने सुगौली चीनी मिल का निरीक्षण किया तथा मिल के आसपास के प्रमुख मार्गों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चीनी मिल प्रबंधन के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। बताया गया कि सुगौली चीनी मिल के आसपास के पथों पर गन्ना लदे ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉली के परिचालन को लेकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए ओवरलोडेड वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने का निर्देश दिया है।
इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि ओवरलोडिंग के कारण अन्य वाहनों तथा सड़क पर चलने वाले राहगीरों के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ट्रैक्टर संचालकों को निर्धारित भार क्षमता का हर हाल में पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन वाहनों में लाइट, रिफ्लेक्टर या अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण नहीं लगे हैं, वाहन स्वामी तत्काल उन्हें दुरुस्त कराएं। साथ ही सभी चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
एसडीओ ने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए आम लोगों के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। वहीं, चीनी मिल प्रबंधन को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि गन्ना ढुलाई के दौरान नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
— सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार सरकार
