सुल्तानगंज–कटोरिया रेल लाइन का काम होगा शुरू, शिव भक्तों को बड़ी सौगात

संवाददाता ऋषभ कुमार गुप्ता

भागलपुर | बिहार के लाखों शिव भक्तों के लिए खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद भारतीय रेल ने सुल्तानगंज–कटोरिया रेल लाइन परियोजना को हरी झंडी दे दी है। 74.8 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना के शुरू हो जाने से न केवल भागलपुर और देवघर के बीच संपर्क सुदृढ़ होगा, बल्कि प्रतिवर्ष कांवड़ यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।

रेलवे की इस नई लाइन में सुल्तानगंज, असरगंज, तारापुर, बेलहर, श्रीनगर और सूयाबथान जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होगा। वहीं, कटोरिया को एक जंक्शन स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। अभी कटोरिया स्टेशन बांका–जसीडीह रेलखंड पर स्थित है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस परियोजना पर लगभग 1261 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। कार्य पूर्ण होने के बाद सुल्तानगंज से देवघर की दूरी मौजूदा 131 किलोमीटर से घटकर लगभग 101 किलोमीटर रह जाएगी। इससे कांवड़ यात्रा के दौरान जलाभिषेक करने वाले लाखों श्रद्धालुओं को त्वरित और सुगम सफर की सुविधा मिलेगी।

स्थानीय लोगों का मानना है कि इस रेल लाइन के बनने से न केवल धार्मिक पर्यटन को बल मिलेगा बल्कि असरगंज, तारापुर और बेलहर जैसे इलाकों के आर्थिक विकास में भी नई संभावनाएँ पैदा होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *